








ग्राम सेतु डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित जाट भवन रविवार को सेवा, संकल्प और सामाजिक सरोकार का केंद्र बना नजर आया। सुबह से ही भवन परिसर में युवाओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। कहीं रक्तदान के लिए कतार लगी थी तो कहीं पहली बार रक्तदान करने पहुंचे युवा अपने अनुभव साझा कर रहे थे। रक्तदान के बाद चेहरे पर संतोष और हाथों में सम्मान-पत्र लिए रक्तदाता उत्साहित नजर आए। दूसरी ओर शिविर में पहुंचे लोगों को पौधे वितरित किए जा रहे थे। अवसर था पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की सातवीं पुण्यतिथि तथा हनुमानगढ़ विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रहे अमित चौधरी के जन्मदिन का। इसी अवसर पर ‘नई आशा नई किरण’ एवं ‘गूम’ सामाजिक संस्था की ओर से 13वें विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिलेभर से प्रबुद्धजन, भाजपा कार्यकर्ता, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आमजन पहुंचे। पूरे दिन चले अभियान में 653 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जबकि 1157 रक्तदाताओं ने भविष्य में जरूरत पड़ने पर रक्तदान करने का संकल्प लिया। इन रक्तदाताओं के नाम और मोबाइल नंबर भी एकत्रित किए गए हैं, ताकि आवश्यकता के समय जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
शिविर का शुभारंभ पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, किसान मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता सुशील जोशी, भाखड़ा प्रोजेक्ट चेयरमैन मनप्रीत सिंह, पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची, पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया, विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष निशांत बतरा, हर घर तिरंगा अभियान के जिला संयोजक आशीष पारीक, जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी, युवा नेता साहिल बलाड़िया, मंडल अध्यक्ष बलराज मान, लूणाराम गोदारा, जसपाल सिंह, नितिन बंसल, जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, चरणदास गर्ग, व्यापारी नेता सुरेंद्र बलाड़िया, अजय सराफ, पूर्व बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जोधा सिंह भाटी सहित अन्य अतिथियों ने भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने रक्तदाताओं को अटल बिहारी वाजपेयी के त्यागी और तपस्वी जीवन से परिचित कराते हुए रक्तदान की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि अटल जी का देश के लिए योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने भारत को दुनिया की नई ताकत के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. रामप्रताप ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और किसान क्रेडिट कार्ड सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से अटल जी ने आमजन और किसानों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया। उन्होंने कहा कि अटल जी केवल भाजपा के ही नहीं, बल्कि देश-विदेश के करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत थे। उनकी पुण्यतिथि पर रक्तदान जैसा सेवा कार्य उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रसेवा और संवेदनशील राजनीति का उदाहरण रहा है। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित रक्तदान शिविर यह संदेश देता है कि राजनीति और सामाजिक जीवन का अंतिम उद्देश्य समाज की सेवा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमित चौधरी के जन्मदिन को सेवा कार्य से जोड़ना भी सकारात्मक पहल है। युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने वाले ऐसे आयोजन समाज में स्थायी प्रभाव छोड़ते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि ‘सेवा ही संगठन’ के सिद्धांत पर काम करने वाला संगठन है। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि इससे बड़ा पुनीत कार्य कोई नहीं हो सकता, क्योंकि रक्तदान से किसी अनजान जरूरतमंद की जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि 653 यूनिट रक्त का संग्रह और 1157 लोगों का भविष्य में रक्तदान का संकल्प शिविर की बड़ी उपलब्धि है।
भाजपा नेता अमित चौधरी ने जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान करने पहुंचे सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान बेहद पुनीत कार्य है। रक्त किसी फैक्ट्री में नहीं बनता और इसकी उपलब्धता पूरी तरह रक्तदाताओं पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों और ब्लड बैंकों में कई बार रक्त की कमी हो जाती है। ऐसे में नियमित रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में बड़ी भूमिका निभाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि परिवार में होने वाले मांगलिक कार्यक्रमों को भी रक्तदान जैसे सेवा कार्यों से जोड़ा जाए। अमित चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ आह्वान का उल्लेख करते हुए पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने कहा कि रक्तदान शिविर में युवाओं की भारी भागीदारी समाज में बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि खासतौर पर पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं का आगे आना उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि अटल जी की पुण्यतिथि और अमित चौधरी के जन्मदिन को रक्तदान जैसे जनसेवा के कार्य से जोड़ना एक सार्थक पहल है। इससे न केवल जरूरतमंद मरीजों को मदद मिलेगी, बल्कि युवाओं में सेवा भावना भी मजबूत होगी।
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री निहालचंद मेघवाल ने कहा कि रक्तदान का महत्व तब समझ में आता है, जब किसी मरीज या उसके परिजन को अचानक रक्त की जरूरत पड़ती है। ऐसे समय में रक्तदाता किसी परिवार के लिए जीवनदाता बन जाता है।
उन्होंने कहा कि 1157 लोगों का भविष्य में रक्तदान का संकल्प इस शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। जरूरत पड़ने पर इन रक्तदाताओं से संपर्क कर समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी ने बताया कि शिविर में रक्तदान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। आयोजन में पहुंचे प्रत्येक व्यक्ति को पौधे वितरित किए गए और कुल 2800 से अधिक पौधों का वितरण किया गया। इसके अलावा आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोगों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लिया।
रक्त संग्रहण के लिए राजकीय अस्पताल, लाइफ लाइन ब्लड बैंक, अर्पण ब्लड बैंक, भटनेर ब्लड बैंक और पुरोहित ब्लड बैंक की टीमों ने सेवाएं दीं। रक्तदाताओं को पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
शिविर में पूर्व उपसभापति नगीना बाई, व्यापार संघ अध्यक्ष पदम जैन, विनोद भांभू, भगीरथ गोदारा, अमीचंद नाई, अशोक लखोटिया, योगेश, सौरभ शर्मा, राजेश मदान, सुरेश धमीजा, हिमांशु महर्षि, अनिल राठौड़, महादेव भार्गव, राजेश पंवार, विनोद वर्मा, रोहित छापोला, विक्की डोडा, प्रदीप कड़वा, रवि चोटिया, गुरदीप गिल, परितोष, सोनू मीणा, अपरजोत बराड़, गोपाल शर्मा, सम्पत कुलड़िया, कपिल खिलेरी सहित सरपंच, पूर्व सरपंच, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।







