




ग्राम सेतु ब्यूरो.
हनुमानगढ़ की सुबह कुछ अलग ही रंग में रंगी थी। ढोल-नगाड़ों की थाप, फूल-मालाओं की खुशबू और कार्यकर्ताओं के जोशीले नारों के बीच भारतीय जनता पार्टी के झंडे हवा में लहरा रहे थे। जैसे-जैसे काफिला आगे बढ़ता गया, स्वागत की श्रृंखला और लंबी होती चली गई। हर चौराहा, हर पड़ाव पार्टी के प्रति समर्पण और उत्साह का सजीव चित्र पेश कर रहा था। मौका था भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता जसप्रीत सिंह जेपी के हनुमानगढ़ आगमन का, जिसे पार्टी कार्यकर्ताओं ने यादगार बना दिया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले कोहला में जसप्रीत सिंह जेपी का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया। यहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता का खुलकर प्रदर्शन किया। इसके बाद जसप्रीत सिंह जेपी गुरुद्वारा सूखा सिंह महताब सिंह पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर सरबत के भले की अरदास की। गुरुद्वारे के शांत और आध्यात्मिक वातावरण में उन्होंने समाज में भाईचारे, सद्भाव और सेवा भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। उनका कहना था कि सामाजिक समरसता ही किसी भी मजबूत राष्ट्र और संगठन की नींव होती है।
इसके पश्चात भाजपा जिला कार्यालय में स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. भारत भूषण शर्मा, भाजपा नेता अमित चौधरी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन बागोरिया, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रदीप कड़वा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरा कार्यालय कार्यकर्ताओं के जोश और एकजुटता से गूंज उठा।
प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी न केवल देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति है, बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों पर काम करने वाला संगठन भी है। पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत और समर्पण के बल पर भाजपा निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाएं।
जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की राजनीति कर रही है और यही वजह है कि जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश प्रवक्ता जसप्रीत सिंह जेपी ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय रहें।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने जसप्रीत सिंह जेपी का अभिनंदन करते हुए संगठन की मजबूती और एकजुटता का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, जुगल किशोर गौड़, पूर्व प्रधान हरदीप शाहपीनी, पारस मिड्ढा, बोहड़ सिंह सिंघपुरा, पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया, बलराज मान, पूर्व पार्षद कौर सिंह खोसा, गुरप्रीत गिल, गुरजंट सिंह खोसा, लेखराम जोशी, जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी, गुरविंदर मान, अपरजोत सिंह बराड़, दीपेंदर राजावत, भानु प्रताप, मोहम्मद अली, रॉबिन खोसा, तेजिंदर सिंह बराड़, रिपुदमन बराड़, नवदीप बराड़, जितेंद्र वर्मा, सुभाष सुथार, राजपाल हिरणावाली, उत्तम सिंह राठौड़, हिमांशु शर्मा, बेअंत सिंह बराड़, बलवंत चिश्तिया, महेंद्र सिंह ढिल्लों, महेश शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कुल मिलाकर, यह आयोजन केवल स्वागत समारोह नहीं था, बल्कि संगठन की एकजुटता, अनुशासन और जमीनी ताकत का जीवंत प्रदर्शन भी था।








