




ग्राम सेतु ब्यूरो.
हनुमानगढ़ के वार्ड संख्या 3 नई खुंजा में आज उस वक्त उत्सव जैसा माहौल बन गया, जब सरकारी सेवाओं में चयनित पांच होनहार युवा-युवतियों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। पूरे कार्यक्रम में खुशी, गर्व और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। चयनित अभ्यर्थियों का साफा पहनाकर, पुष्पमालाएं अर्पित कर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया। इसके बाद सभी का मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। अपने बच्चों की सफलता पर अभिभावकों के चेहरे गर्व से दमक उठे, वहीं वार्डवासियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह ने पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बना दिया।
वार्ड संख्या 3 के पूर्व पार्षद प्रतिनिधि एवं डीसीसी जिला महासचिव मनोज बड़सीवाल ने कहा कि किसी भी सफलता के पीछे कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास की सबसे बड़ी भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि नई खुंजा के इन पांच होनहारों ने अपनी मेहनत और लगन से सरकारी सेवा में स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे वार्ड और हनुमानगढ़ जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने युवाओं का परिचय देते हुए बताया कि अमन घोड़ेला पुत्र हंसराज घोड़ेला का चयन चिकित्सा विभाग में हुआ है, गगन गिल पुत्र गुरबख्श सिंह गिल का चयन राजस्व विभाग एवं जेल प्रहरी के पद पर हुआ है, सूरज झा पुत्र कृष्णानंद झा शिक्षा विभाग में चयनित हुए हैं, सुजाता पुत्री सुशील कुमार बिश्नोई का चयन एनजीटी पंजाबी, दिल्ली में हुआ है तथा नीलिमा पुत्री नंदराम जलंधरा शिक्षा विभाग में चयनित हुई हैं।
मनोज बड़सीवाल ने कहा कि इन युवाओं की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से आह्वान किया कि वे इनका अनुसरण करें, अपने माता-पिता के सपनों को साकार करें और शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा साधन बनाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में चयनित ये युवा इस बात का प्रमाण हैं कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा अच्छी शिक्षा ग्रहण कर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
सामाजिक कार्यकर्ता रामनिवास वर्मा ने भी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करनी चाहिए ताकि वह भी सरकारी सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर सके।
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित युवा-युवतियों को साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और चयनित अभ्यर्थियों की सफलता पर शुभकामनाएं दीं। समारोह में मौजूद लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई खुंजा से आने वाले वर्षों में और भी अधिक युवा सरकारी सेवाओं में चयनित होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर भक्त लेखराज, द्वारका राम घोड़ेला, हंसराज घोड़ेला, रामनिवास वर्मा, चम्पा लाल लकेसर, सुखदेव सिंह, कृष्ण वर्मा, जगदीश वर्मा, पृथ्वी राम घोड़ेला, रामकुमार सेवटा, सोनू वर्मा, विकास भारतीय, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मनीष सेतिया, अमरजीत शर्मा, राजवीर सिंह, किशोर घोड़ेला, राजेंद्र बड़सीवाल, सुशील बिश्नोई, मेनपाल वर्मा, कुलदीप लखेसर, शिवराज मान, राधेश्याम बड़सीवाल, धर्मपाल घोड़ेला, संजय वर्मा, प्रमोद माहर, संदीप अजमेरिया, करण नायक, मयंक नायक, आकाश बिश्नोई, अजय वर्मा, दलीप सिंह शेखावत, मंगू शाक्य, आकाश रॉय, हैप्पी सिंह, दिनेश किरोड़ीवाल, संदीप कुमार, नीरज वर्मा, दीपक सेवटा, सुमित गुप्ता, प्रिंस, मनोहरी देवी, कमला देवी, कृष्णा देवी सहित सैकड़ों वार्डवासी उपस्थित रहे। समारोह का समापन सभी चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं और सामूहिक बधाई के साथ हुआ।








