




ग्राम सेतु ब्यूरो
हनुमानगढ़ जिले के गांव जोड़कियां निवासी और लंबे समय से गौ रक्षा एवं हिंदुत्व से जुड़े सामाजिक कार्यों में सक्रिय कुलदीप नरुका को बजरंग दल गौ रक्षा दल का प्रांत प्रमुख नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और समर्थकों ने कुलदीप नरुका को शुभकामनाएं देते हुए इसे गौ सेवा और संगठन के लिए समर्पित कार्यकर्ता का सम्मान बताया है।
कुलदीप नरुका पिछले कई वर्षों से गौ रक्षा अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। गौ तस्करी रोकने, गौवंश की सुरक्षा और संरक्षण के लिए उन्होंने अनेक स्तरों पर संघर्ष किया है। इसके साथ ही वे बजरंग दल और हिंदू विचारधारा से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में लगातार सक्रिय रहे हैं। संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता, अनुशासन और समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रांत प्रमुख नियुक्त होने के बाद कुलदीप नरुका ने कहा कि गौ रक्षा उनके जीवन का ध्येय है और वे इस दायित्व को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण आधार हैं। उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज को जागरूक करना तथा युवाओं को इस अभियान से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने बजरंग दल के शीर्ष नेतृत्व और विश्व हिंदू परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप पूरे जोधपुर प्राांत में गौ रक्षा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं के सहयोग से जनजागरण अभियान भी चलाए जाएंगे।
कुलदीप नरुका की नियुक्ति के बाद जिले सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के लिए सकारात्मक निर्णय बताते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में गौ रक्षा दल की गतिविधियों को नई गति मिलेगी। समर्थकों का कहना है कि कुलदीप नरुका की कार्यशैली, संगठन के प्रति समर्पण और गौ सेवा के क्षेत्र में उनके अनुभव का लाभ अब पूरे प्रदेश को मिलेगा। उनके प्रांत प्रमुख बनने से गौ संरक्षण और समाज जागरण से जुड़े अभियानों को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।







