




ग्राम सेतु ब्यूरो.
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र बगवाड़ा (सामरिया) को दिनेश चंद सक्सेना स्मृति युवा जनसंपर्क कर्मी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान पब्लिक रिलेशंस एंड एलाइड सर्विसेज एसोसिएशन (प्रसार) की ओर से बीकानेर में अगले माह आयोजित होने वाले गरिमामय समारोह में प्रदान किया जाएगा। जनसंपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय, सतत और जनहितकारी कार्यों के लिए यह चयन किया गया है। बगवाड़ा वर्तमान में राजस्थान रिवर बेसिन अथॉरिटी में पदस्थापित हैं। इससे पहले उन्होंने पत्रकारिता के मैदान में भी लंबी पारी खेली है। दैनिक भास्कर और राजस्थान पत्रिका सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में बतौर पत्रकार कार्य करते हुए उन्होंने जमीनी मुद्दों को मजबूती से उठाया। यही अनुभव उनके जनसंपर्क कार्य को अलग धार देता है, जहां सूचना केवल फाइलों में नहीं, बल्कि आमजन तक भरोसे के साथ पहुंचती है।
सहकर्मी और पत्रकार उन्हें ‘जनसंपर्क शब्द को जीने वाला अफसर’ बताते हैं। बगवाड़ा की कार्यशैली में संवाद, पारदर्शिता और समयबद्धता साफ दिखती है। मीडिया और प्रशासन के बीच सेतु बनकर काम करना, सूचनाओं की तथ्यात्मकता बनाए रखना और संकट के समय जिम्मेदार संप्रेषण, इन सबमें उनकी पहचान बनी है। यही वजह है कि उनका चयन न केवल औपचारिक, बल्कि पूरी तरह योग्य माना जा रहा है।
इसी समारोह में प्रसार की ओर से डीआईपीआर के सेवानिवृत्त अतिरिक्त निदेशक गोपाल शर्मा को घनश्याम गोस्वामी स्मृति लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, विभाग की पूर्व सहायक निदेशक वीना करमचंदानी को किशन कुमार व्यास ‘आजाद’ स्मृति जनसंपर्क रत्न अवार्ड प्रदान किया जाएगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुमार अजय बताते हैं कि यह आयोजन विभाग के दिवंगत अधिकारियों की स्मृति को अक्षुण्ण रखने तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों के योगदान के सम्मान हेतु किया जाता है, एक परंपरा, जो पेशे की गरिमा को जीवित रखती है।
सुरेंद्र बगवाड़ा के चयन पर पत्रकार जगत में खासा उत्साह है। हनुमानगढ़ डिस्टिक्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष कपिल शर्मा, महासचिव राकेश सहारण, सचिव बलजीत सिंह, प्रवक्ता राजेश अग्रवाल और कार्यकारिणी सदस्य पुरुषोत्तम झा व राजेश कुमार ‘राहुल’ सहित अनेक पत्रकारों ने खुशी जताई। सभी ने एक सुर में कहा कि प्रसार का चयन ‘परफेक्ट’ है और बगवाड़ा इस सम्मान के सच्चे हकदार हैं। वहीं, सुरेंद्र बगवाड़ा ने प्रसार का आभार जताया है।








