



ग्राम सेतु ब्यूरो.
श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय हनुमानगढ़ ने अमेरिका के टेक्सास स्थित एंजेलो स्टेट यूनिवर्सिटी के साथ एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक समझौता (एमओयू) किया है। इस साझेदारी में इंडएंजेलो स्मार्ट स्टडी प्राइवेट लिमिटेड भी सहयोगी संस्था के रूप में शामिल है। इस समझौते के माध्यम से अब एसकेडी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए अमेरिका में अध्ययन के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
एमओयू के तहत विद्यार्थियों के लिए 1$3 एवं 2$2 ट्रांसफर प्रोग्राम संचालित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थी अपनी पढ़ाई का प्रारंभिक चरण भारत में स्थित एसकेडी विश्वविद्यालय में पूर्ण करेंगे, जबकि शेष शिक्षा अमेरिका की एंजेलो स्टेट यूनिवर्सिटी में प्राप्त कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा प्रणाली, आधुनिक तकनीकी वातावरण एवं वैश्विक शैक्षणिक अनुभव का लाभ मिलेगा।
समझौते के अनुसार योग्य विद्यार्थियों को अमेरिका में ट्रांसफर एडमिशन, वीजा सहायता, स्कॉलरशिप मार्गदर्शन तथा शैक्षणिक परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया को सरल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष समन्वय व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
श्री गुरु गोबिंद सिंह चौरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि यह समझौता क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के नए द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब वैश्विक स्तर की शिक्षा एवं अवसरों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य और अधिक सशक्त होगा।
रिटायर्ड आईजी एवं विश्वविद्यालय के डायरेक्टर जनरल गिरीश चावला ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय साझेदारी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे छात्रों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा तथा विदेशी विश्वविद्यालयों में अध्ययन एवं अंतरराष्ट्रीय करियर संभावनाओं से जुड़ने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
एंजेलो स्टेट यूनिवर्सिटी की ओर से प्रोवोस्ट के कार्यकारी निदेशक डॉ. वोन-जे ली, एसकेडी विश्वविद्यालय की ओर से रजिस्ट्रार डॉ. मयंक माथुर तथा इंडएंजेलो स्मार्ट स्टडी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. एन. गणपति सुब्रमण्यम ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर आईक्यूएसी निदेशक डॉ. अवदेश शर्मा, डॉ. विक्रम सिंह औलख, डॉ. कुलवंत सिंह, डॉ. स्वाति ओझा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।




