





ग्राम सेतु ब्यूरो.
श्रीदेवी वूमेन पॉलिटेक्निक, हनुमानगढ़ ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को कायम रखते हुए बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन, राजस्थान की नॉन-इंजीनियरिंग परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त कर संस्थान की गौरवपूर्ण उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। संस्थान की सभी छात्राओं ने सफलता प्राप्त करते हुए उत्कृष्ट अंक अर्जित किए।
प्रथम वर्ष में नताशा ने 9.90 सीजीपीए के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रियंका ने 9.86 सीजीपीए एवं अमनदीप ने 9.50 सीजीपीए प्राप्त कर क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।
द्वितीय वर्ष में नवजोत एवं राधिका ने परफेक्ट 10.00 सीजीपीए प्राप्त कर प्रथम एवं द्वितीय स्थान अर्जित किए, जबकि अशमनदीप ने 9.84 सीजीपीए के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंतिम वर्ष में हर्षदीप ने 9.88 सीजीपीए के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। अमनदीप ने 9.87 सीजीपीए तथा खुशी ने 9.86 सीजीपीए अर्जित कर क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
संस्थान के शैक्षणिक निदेशक आनंद जैन ने इस शानदार सफलता का श्रेय छात्राओं की लगन, अनुशासित अध्ययन, नियमित अभ्यास तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने विशेष रूप से मोनिका चावला, ज्योति पंवार, नवजोत कौर, लवप्रीत एवं हरमन के अथक प्रयासों, अच्छे शिक्षण एवं सतत मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यही टीम भावना संस्थान की सफलता का आधार है।
संस्थान की प्राचार्य इंजी. दिव्या शर्मा ने सभी सफल छात्राओं एवं संपूर्ण शिक्षण स्टाफ को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्थान की गुणवत्ता-आधारित शिक्षा, अनुशासित वातावरण और छात्रा-केंद्रित शिक्षण प्रणाली का सशक्त प्रमाण है। विभागाध्यक्ष मोनिका चावला ने विश्वास व्यक्त किया कि छात्राएँ इसी समर्पण, आत्मविश्वास और उत्कृष्टता के साथ अपने व्यावसायिक जीवन में भी सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगी।
परिणाम घोषित होने के बाद संस्थान परिसर में उत्साह का वातावरण रहा। सफल छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की और इस सफलता का श्रेय फैशन डिज़ाइन विभाग के समर्पित शिक्षकों, उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, उत्कृष्ट प्रायोगिक प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधनों एवं छात्रा-केंद्रित शिक्षण पद्धति को दिया।
श्रीदेवी वूमेन पॉलिटेक्निक लगातार उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों के माध्यम से यह सिद्ध कर रहा है कि गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, अनुभवी संकाय और व्यावहारिक प्रशिक्षण के समन्वय से छात्राओं को आत्मनिर्भर, कुशल एवं सफल पेशेवर बनाया जा सकता है। यह उपलब्धि संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा महिला तकनीकी शिक्षा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है।







