








ग्राम सेतु डॉट कॉम
राजनीति और समाजसेवा के बीच जब सच्ची मित्रता और जनसरोकार का मेल होता है, तो बदलाव की इबारत जमीन पर नजर आने लगती है। ऐसा ही एक प्रेरक उदाहरण श्रीगंगानगर संसदीय क्षेत्र में देखने को मिला है। संगरिया के समाजसेवी विनोद बिश्नोई ‘आवाज’ और सांसद कुलदीप इंदौरा के बीच के आत्मीय संबंधों ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, ढाबाँ के प्रतिभावान खिलाड़ियों की राह आसान कर दी है। विनोद बिश्नोई के व्यक्तिगत आग्रह और मित्रवत पहल का सम्मान करते हुए सांसद इंदौरा ने स्कूल में हॉकी सहित अन्य खेल संसाधनों की खरीद के लिए तुरंत ₹2 लाख की राशि स्वीकृत कर दी है।
महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, ढाबाँ में खेल प्रतिभाएं तो भरपूर थीं, लेकिन सीमित संसाधन उनके अभ्यास में रुकावट बन रहे थे। विद्यालय के स्थानीय शिक्षक उदय सिंह बेनीवाल ने जब बच्चों की इस समस्या को प्रमुख समाजसेवी विनोद बिश्नोई श्आवाजश् के सामने रखा, तो उन्होंने इसे सीधे अपने मित्र और क्षेत्रीय सांसद कुलदीप इंदौरा के समक्ष उठाया।
सांसद इंदौरा और विनोद बिश्नोई के बीच गहरा व्यक्तिगत जुड़ाव और भरोसा रहा है। विनोद बिश्नोई ने जब ढाबाँ के होनहारों की मेहनत, अनुशासन और उनकी जरूरतों का हवाला देकर निजी तौर पर आग्रह किया, तो सांसद इंदौरा ने बिना किसी औपचारिकता या देरी के तुरंत ₹2 लाख की मंजूरी दे दी। इस राशि के खर्च और खेल सामग्री खरीद के लिए स्कूल प्रबंधन समिति (एसडीएमसी) को कार्यकारी एजेंसी बनाया गया है। दो मित्रों के इस साझे प्रयास ने यह साबित कर दिया कि जब दोस्ती का इस्तेमाल जनहित में हो, तो परिणाम सीधे गांव के बच्चों के भविष्य को संवारते हैं।
विद्यालय में शारीरिक शिक्षक मुकेश कुमार के मार्गदर्शन में छात्र नियमित हॉकी का कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। बिना अत्याधुनिक सुविधाओं के भी इन बच्चों की मेहनत रंग लाई और हाल ही में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में विद्यालय के 18 हॉकी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की की।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद जब खिलाड़ियों को बेहतर किट और हॉकी स्टिक की जरूरत थी, तब सांसद कुलदीप इंदौरा और विनोद बिश्नोई की यह पहल खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित हुई। शिक्षक उदय सिंह बेनीवाल ने कहा कि हमारे 18 खिलाड़ियों का चयन यह बताता है कि ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ₹2 लाख की यह मदद केवल खेल उपकरण नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों, आत्मविश्वास और हौसलों को नई उड़ान देने वाला संबल है।
स्वीकृति जारी करने के बाद सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में खेल केवल मैदान की जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं को सकारात्मक राह दिखाने का सबसे सशक्त जरिया हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना पनपती है। आज जब ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने की सख्त जरूरत है, तब खेल मैदान ही उन्हें एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवनशैली दे सकते हैं।
सांसद कुलदीप इंदौरा और समाजसेवी विनोद बिश्नोई ‘आवाज’ के इस समन्वित प्रयास से पूरे ढाबाँ गांव और विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। समस्त स्टाफ ने दोनों का आभार जताते हुए कहा कि विनोद बिश्नोई ने जिस आत्मीयता से बच्चों की आवाज उठाई और सांसद ने जिस तत्परता से मदद की, वह ग्रामीण विकास की मिसाल है।
खेल मैदान में मिली इस मजबूती के बाद विद्यालय स्टाफ ने अब शिक्षा के क्षेत्र में भी ग्रामीणों, प्रवासी नागरिकों और भामाशाहों से हाथ आगे बढ़ाने की अपील की है। विद्यालय में आधुनिक शिक्षा देने के लिए स्मार्ट क्लासरूम की जरूरत है, ताकि मैदान में दम दिखाने वाले ये बच्चे कक्षा में भी डिजिटल दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें।






