



ग्राम सेतु ब्यूरो
भाजपा ओबीसी मोर्चा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमावत ने प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए हनुमानगढ़-गंगानगर क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्ता जसप्रीत सिंह जेपी को प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। खास बात है कि जेपी भाजपा जिला प्रवक्ता की भूमिका निभा चुके हैं।
जसप्रीत सिंह जेपी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी और ओबीसी मोर्चा के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों, सामाजिक अभियानों और जनसंपर्क गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि उनकी संगठन के प्रति निष्ठा, कार्यशैली और संवाद क्षमता को देखते हुए उन्हें प्रदेश स्तर पर यह दायित्व दिया गया है।
विशेष बात यह है कि हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले से ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में केवल जसप्रीत सिंह जेपी को ही स्थान मिला है। इससे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में गौरव और खुशी का माहौल है। भाजपा नेताओं और समर्थकों ने उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले के लिए सम्मान की बात बताया है।
नियुक्ति के बाद जसप्रीत सिंह जेपी ने पार्टी केंद्र व प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। ग्राम सेतु डॉट कॉम के साथ बातचीत में जसप्रीत सिंह जेपी ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि ओबीसी वर्ग के हितों की आवाज को मजबूती से उठाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वे निरंतर कार्य करेंगे।






