



ग्राम सेतु ब्यूरो.
बीकानेर के कोलायत क्षेत्र के बज्जू उपखंड मुख्यालय पर लंबे समय से चली आ रही बिजली और पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस के कोलायत प्रभारी सुरेंद्र गोंद के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान आमजन की समस्याओं को लेकर प्रशासन की उदासीनता पर कड़ा आक्रोश जताया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि बज्जू क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और पेयजल आपूर्ति ठप रहने से आमजन का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली की आंख-मिचौली और पानी की भारी किल्लत से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। किसानों, व्यापारियों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गणपतराम सीगड़ सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें बिजली और पेयजल संकट का स्थायी समाधान करने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि बज्जू क्षेत्र में बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है। दिन में कई-कई घंटे बिजली गुल रहती है, जिससे पेयजल आपूर्ति, कृषि कार्य और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी के इस दौर में पानी की स्थिति और भी भयावह हो गई है। कई मोहल्लों में दिनों तक पानी नहीं आ रहा, जिससे लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि बिजली आपूर्ति को सुचारू किया जाए, ट्रांसफार्मरों और लाइनों की तुरंत मरम्मत कराई जाए तथा पेयजल आपूर्ति के लिए वैकल्पिक और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग रखी गई।
कोलायत प्रभारी सुरेंद्र गोंद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और बुनियादी जरूरतों पर राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में राजूराम, सावरलाल भादू आदि मौजूद थे।






