








ग्राम सेतु डॉट कॉम
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के विख्यात न्यूमेरोलॉजिस्ट (अंक ज्योतिषी) एवं वास्तु विशेषज्ञ कुलभूषण जिंदल ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है। उन्हें न्यूमेरोलॉजी और वास्तु शास्त्र के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और सटीक मार्गदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ‘स्टार अचीवर्स अवार्ड’ (सीजन-19) से सम्मानित किया गया है। यह भव्य सम्मान समारोह हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। समारोह के दौरान बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री अदा शर्मा और प्रख्यात आध्यात्मिक मार्गदर्शक व गुरु जी डी वशिष्ठ ने संयुक्त रूप से कुलभूषण जिंदल को यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मंच पर जिंदल की उपलब्धियों को सराहा गया और पूरे सभागार ने करतल ध्वनि से उनका अभिनंदन किया।
समारोह की मुख्य आयोजक मीनू शर्मा ने कुलभूषण जिंदल के व्यक्तित्व, कृतित्व और अंक ज्योतिष के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कुलभूषण जिंदल ने अपनी कठोर मेहनत, गहन अध्ययन और सच्ची लगन के दम पर बेहद कम समय में न्यूमेरोलॉजी के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान कायम की है।
मीनू शर्मा ने यह भी कहा कि जिंदल द्वारा की गई भविष्यवाणियां अत्यंत सटीक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित होती हैं। उनके मार्गदर्शन से हजारों लोगों ने अपने व्यक्तिगत, पारिवारिक और व्यावसायिक जीवन में सकारात्मक बदलाव महसूस किए हैं। उनके द्वारा सुझाए गए वास्तु उपाय और अंक ज्योतिषीय परामर्श आमजन के लिए बेहद सरल और प्रभावी साबित होते रहे हैं।
राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होने के बाद कुलभूषण जिंदल ने आयोजकों, अतिथियों और अपने सभी प्रशंसकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। अपनी भावनाएं साझा करते हुए उन्होंने भटनेर पोस्ट मीडिया ग्रुप’ से कहा कहा, ‘यह सम्मान मेरे लिए केवल एक पुरस्कार नहीं है, बल्कि मेरे कार्य, शोध और सेवा के प्रति लोगों द्वारा व्यक्त किए गए अटूट विश्वास, प्रेम और सम्मान का प्रतीक है। जब आपके प्रयासों को इस स्तर पर सराहा जाता है, तो जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। आप सभी का यह स्नेह और आशीर्वाद मुझे भविष्य में भी निरंतर निष्ठापूर्वक बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।’ जिंदल ने कहा कि न्यूमेरोलॉजी और वास्तु शास्त्र केवल भविष्य बताने का जरिया नहीं हैं, बल्कि यह व्यक्ति को जीवन की सही दिशा चुनने और ऊर्जा के संतुलन को समझने में मदद करते हैं।
कुलभूषण जिंदल को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान की सूचना मिलते ही हनुमानगढ़ जिले और आसपास के क्षेत्रों में उनके शुभचिंतकों, मित्रों और परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत मुलाकातों तक, उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
जिले की प्रमुख सामाजिक संस्था भटनेर किंग्स क्लब के पदाधिकारियों ने भी जिंदल की इस बड़ी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है। क्लब के संरक्षक आशीष विजय व सतनाम सिंह सहित अन्य सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। आशीष विजय ने कहा कि कुलभूषण जिंदल की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि यदि प्रतिभा और समर्पण हो, तो छोटे शहरों से निकलकर भी राष्ट्रीय पटल पर अपनी अमिट छाप छोड़ी जा सकती है। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों और व्यवसायियों ने भी कुलभूषण जिंदल को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और आशा व्यक्त की कि वे आगे भी अपने ज्ञान और विशेषज्ञता से समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।







