


ग्राम सेतु डेस्क
महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय की ओर से जारी एम.कॉम. (एबीएसटी) की वरीयता सूची में रयान कॉलेज की छात्रा खुश्बू डावरा ने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक बार फिर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति गंभीर दृष्टिकोण का परिणाम है। खास बात यह है कि इससे पूर्व भी खुश्बू डावरा बी.कॉम. में विश्वविद्यालय की गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी हैं।
खुश्बू की इस उल्लेखनीय सफलता से महाविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है। सहपाठी, शिक्षक और स्टाफ गर्व महसूस कर रहे हैं, वहीं परिवार में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। आज के समय में, जब शॉर्टकट संस्कृति तेजी से बढ़ रही है, खुश्बू की यह सफलता बताती है कि पुराना तरीका, लगातार पढ़ाई, धैर्य और अनुशासन, अब भी सबसे भरोसेमंद फॉर्मूला है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सन्तोष राजपुरोहित ने खुश्बू को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रतिभा का प्रत्यक्ष प्रमाण है। खुश्बू की उपलब्धि न केवल महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत और अनुकरणीय उदाहरण है। उनका मानना है कि यदि विद्यार्थी लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें तो किसी भी मुकाम को पाना असंभव नहीं है।
वाणिज्य संकाय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अमित फुटेला एवं जगदीश जिंदल ने भी खुश्बू डावरा को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खुश्बू की सफलता महाविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को दर्शाती है। शिक्षकों ने आशा व्यक्त की कि खुश्बू भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहेंगी और आगे चलकर महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।





