




ग्राम सेतु ब्यूरो.
विप्र फाउण्डेशन (जोन 1-बी) ने जिले में संगठन की जड़ों को और अधिक मजबूत करने तथा सामाजिक सरोकारों को गति देने के उद्देश्य से संगठनात्मक विस्तार किया है। विप्र फाउण्डेशन हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष कालूराम शर्मा ने जिले की छह प्रमुख तहसीलों में नए तहसील अध्यक्षों के नामों की आधिकारिक घोषणा करते हुए नियुक्ति पत्र जारी किए हैं। यह नियुक्तियां प्रदेश नेतृत्व एवं जोन पदाधिकारियों की अनुशंसा व सहमति के आधार पर की गई हैं।
जिलाध्यक्ष कालूराम शर्मा के हवाले से दी गई जानकारी के अनुसार, विप्र फाउण्डेशन जोन 1-बी (बीकानेर) के तहत प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत एवं बीकानेर जोन प्रभारी मुकेश रामपुरा के निर्देशानुसार यह सांगठनिक नियुक्तियां की गई हैं। नव-नियुक्त पदाधिकारियों का कार्यकाल 31 मार्च 2028 तक प्रभावी रहेगा।
जिलाध्यक्ष कालूराम शर्मा ने बताया कि विभिन्न तहसीलों में योग्य, निष्ठावान एवं सामाजिक रूप से सक्रिय कार्यकर्ताओं को नेतृत्व सौंपा गया है। इनमें
वेदप्रकाश शर्मा को हनुमानगढ़, कमलेश तावणिया को संगरिया, महेश पारीक को पीलीबंगा, गौरव इंदौरिया को नोहर, बालकृष्ण शर्मा को भादरा व जगतबंधु जोशी को रावतसर तहसील अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
जिलाध्यक्ष कालूराम शर्मा ने सभी नवनियुक्त तहसील अध्यक्षों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि नव-नियुक्त अध्यक्षों के सांगठनिक कौशल, सामाजिक सक्रियता, अनुभव और समर्पण से हनुमानगढ़ जिले में विप्र फाउण्डेशन को एक नई ऊर्जा व सकारात्मक दिशा मिलेगी। कालूराम शर्मा ने कहा कि संगठन का मूल ध्येय ‘उन्नत समाज-समर्थ राष्ट्र’ की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाना, युवाओं व विद्यार्थियों को शिक्षा व संस्कार से जोड़ना, जरूरतमंदों की सहायता करना तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। तहसील स्तर पर सशक्त नेतृत्व मिलने से धरातल पर जनकल्याणकारी योजनाओं और समाजोत्थान के अभियानों को तेजी से लागू किया जा सकेगा। जिला महासचिव महेश शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष राज तिवाड़ी सहित जिला कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों व समाज के गणमान्य लोगों ने भी सभी नव-नियुक्त अध्यक्षों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।






