



ग्राम सेतु डॉट कॉम
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल को राष्ट्रीय आवास बैंक (नेशनल हाउसिंग बैंक) में डायरेक्टर पद की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल है। राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कैलाश मेघवाल की नियुक्ति पर भाजपा नेताओं ने खुशी जताते हुए इसे संगठन और क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक ने कैलाश मेघवाल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी प्रशासनिक क्षमता, संगठनात्मक अनुभव और नेतृत्व कौशल का लाभ राष्ट्रीय आवास बैंक को मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कैलाश मेघवाल के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय आवास बैंक सफलता के नए सोपान तय करेगा और संस्थान की कार्यक्षमता को नई दिशा मिलेगी।
डायरेक्टर पद की जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा नेता कैलाश मेघवाल ने पार्टी नेतृत्व, केंद्र व राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन और नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। मेघवाल ने कहा कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संस्थान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी इस नियुक्ति को पार्टी के लिए गौरव का विषय बताते हुए मेघवाल को शुभकामनाएं दी हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण दायित्व से कैलाश मेघवाल की भूमिका और प्रभाव दोनों में विस्तार होगा। उल्लेखनीय है कि कैलाश मेघवाल की यह नियुक्ति केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने की है। भारत सरकार के सचिव संजय कुमार मिश्रा ने नोटिफिकेशन जारी कर इसकी सूचना दी है। बैंक ने देश भर के चार लोगों को डायरेक्टर की जिम्मेदारी दी है, इनमें राजस्थान से कैलाश मेघवाल भी शामिल हैं।







