






ग्राम सेतु डॉट कॉम
मां के प्रति श्रद्धा, सम्मानित प्रतिभाओं की चमक और छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियों से सोमवार को हनुमानगढ़ जंक्शन में अबोहर रोड स्थित श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक का परिसर भावनाओं और उत्साह से सराबोर रहा। कहीं मातृशक्ति के सम्मान में सिर झुके तो कहीं अपनी उपलब्धियों से संस्थान का नाम रोशन करने वाली छात्राओं के चेहरों पर आत्मविश्वास दिखाई दिया। हिंदी, पंजाबी, मराठी और राजस्थानी प्रस्तुतियों ने माहौल में सांस्कृतिक रंग घोले, वहीं मां की प्रेरणा को समर्पित गीतों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। अवसर था स्व. श्रीदेवी मालचंद छाजेड़ (नोहर) की स्मृति में आयोजित ‘मातृवंदना एवं प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ का।
समारोह का उद्देश्य मातृशक्ति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ छात्राओं की प्रतिभा, उपलब्धियों और सफलता को प्रोत्साहित करना रहा। संस्थान के निदेशक आर.के. जैन ने कहा कि ‘मातृवंदना’ मां के प्रति कृतज्ञता और सम्मान की अभिव्यक्ति का विनम्र प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन के साथ बालिका शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के सतत संकल्प की अनेक सफलताएं जुड़ी हुई हैं।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। समाज सेवा के क्षेत्र में डॉ. मिताली अग्रवाल तथा विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में श्रीमती चांदनी चोपड़ा और श्रीमती बिंदु अरोड़ा को सम्मान प्रदान किया गया। संस्थान की पूर्व छात्राओं, जिन्होंने श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक से शिक्षा प्राप्त करने के बाद व्यावसायिक जीवन में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की, को भी सम्मानित किया गया। इनमें लवप्रीत कौर, सुरभि यादव, राजवीर कौर, अनु खत्री और शारदा पावड़िया शामिल रहीं।
बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरिट में स्थान बनाने वाली छात्राओं खुशप्रीत, शमनदीप, हर्षदीप, अमनदीप और खुशी छाबड़ा को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सभी सम्मानित प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और उपहार भेंट किए गए।
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। प्राचार्य दिव्या शर्मा ने बताया कि श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक की छात्राओं ने हिंदी, पंजाबी, मराठी और राजस्थानी भाषाओं में प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ‘मातृवंदना’ पर आधारित प्रस्तुतियों में मां के त्याग, ममता और संस्कारों को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं एसआरएम विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने गायन से मां की प्रेरक स्मृति को जीवंत कर दिया। सैकड़ों दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
समारोह में शहर के पत्रकारों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यवसायियों और गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय मौजूदगी रही। पत्रकार देवेंद्र शर्मा, मनोज गोयल, गोपाल झा, अदरीश खान, हिमांशु मिड्डा, राजेश अग्रवाल, हरदीप चहल, शिक्षाविद डॉ. सुमन चावला, डॉ. संतोष राजपुरोहित, व्यापारी नेता बालकृष्ण गोल्याण और हरि खदरिया सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जैन आंचलिक समिति के अध्यक्ष दिलीप बोरड़, पूर्व अध्यक्ष प्रकाश जैन, सुरेन्द्र कोठारी, जंक्शन तेरापंथ सभा के अध्यक्ष हरीश दफ्तरी, मंत्री ऋषभ चोरड़िया, महिला मंडल अध्यक्ष मधु दफ्तरी, टाउन अध्यक्ष राजेंद्र बैद, पूर्व अध्यक्ष विनोद बांठिया, किशन बोथरा, किरण देवी छाजेड़, राकेश बोरड़, शांतिलाल बैद, सुभाष बांठिया, लोकेश बैद, विद्याधर बोरड़, शंकर सुराणा, दीपिका जैन, संतोष बांठिया, पिंकी संकलेचा, राजेंद्र चौधरी, भारतेंदु सैनी, मुकेश डूडी, अरुण डूडी, प्रमोद खारीवाल, विद्याधर भादू, महेंद्र शर्मा, किशन गोस्वामी, राजेंद्र स्वामी, रामचन्द्र रिणवा, नरेश मेहन, गुलशन अरोड़ा और सुष्मा बैद सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। श्रीदेवी संस्थान का स्टाफ और छात्राएं भी समारोह में सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राजकुमार जैन ने सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन आनंद जैन ने किया। समारोह के अंत में सम्मानित प्रतिभाओं के सम्मान में सहभोज का आयोजन किया गया।
‘मातृवंदना एवं प्रतिभा सम्मान समारोह’ ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, आत्मविश्वास और समाज में सकारात्मक योगदान की नींव भी है। मां के सम्मान और बेटियों की उपलब्धियों को एक ही मंच पर प्रतिष्ठा देकर आयोजन ने बालिका शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की।






