




ग्राम सेतु डॉट कॉम
हनुमानगढ़ स्थित सर्किट हाउस का सभागार गुरुवार को कांग्रेस सेवादल के सफेद गणवेशधारी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से अनुशासन और संगठनात्मक ऊर्जा का केंद्र बना रहा। वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से शुरू हुई बैठक में राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों का उत्साह साफ दिखाई दिया। नई नियुक्तियों और पदोन्नतियों पर तालियों की गूंज, संगठन विस्तार को लेकर गंभीर मंथन और दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प पूरे कार्यक्रम की प्रमुख झलक रहा। पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण तथा सक्रिय भागीदारी के साथ कांग्रेस सेवादल को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण नेहरा का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
बैठक में संगठन सृजन अभियान के तहत कई नई नियुक्तियों और पदोन्नतियों की घोषणा की गई। भादरा के कैलाश स्वामी को जिला महासचिव नियुक्त किया गया। वहीं गौरव देवड़ा, राजप्रकाश रोहिल्ला तथा सुरेंद्र कुमार को जिला सचिव बनाया गया। इसके अलावा राम सिंह साहू, इन्द्रपाल तरड़, आमिर खान तथा शाहरुख कुरैशी को पदोन्नत कर जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता प्रकोष्ठ के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष रोहित स्वामी का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। साथ ही गुरमीत चंदड़ा तथा विजय टॉक का जिला कांग्रेस कमेटी में शामिल होने पर सम्मान किया गया। नोहर के शाहजहाँन कुरैशी के प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग में प्रदेश सचिव नियुक्त होने पर भी उनका माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
मुख्य अतिथि भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि हनुमानगढ़ कांग्रेस सेवादल संगठनात्मक गतिविधियों में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अश्विनी पारीक के नेतृत्व में जिला सेवादल ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 23 जुलाई को होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में अधिकाधिक संख्या में श्वेत सैनिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अश्विनी पारीक ने बताया कि जिला स्तरीय संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत विभिन्न ब्लॉक अध्यक्षों ने अपने पिछले डेढ़ वर्ष के कार्यकाल की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें संगरिया से ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश भाट, नोहर देहात से राजेंद्र चबरवाल, पीलीबंगा ब्लॉक अध्यक्ष भगवाना राम लखुवाली, हनुमानगढ़ शहर से संजय होटला तथा भादरा देहात से सुरेंद्र गोदारा शामिल रहे। उन्होंने बताया कि सभी ब्लॉक अध्यक्षों ने सहमति व्यक्त की है कि दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 23 जुलाई को होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रत्येक ब्लॉक से आठ-आठ ब्लॉक कार्यकारिणी सदस्य पूरे गणवेश और अनुशासन के साथ भाग लेंगे।
जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने कहा कि राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष हेमसिंह शेखावत के नेतृत्व में तथा श्रीनिवास बीवी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद आयोजित होने वाले पहले राष्ट्रीय अधिवेशन में हनुमानगढ़ जिला महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई की रात्रि को हनुमानगढ़ से बसों के माध्यम से कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता पूर्ण अनुशासन एवं निर्धारित गणवेश में दिल्ली के लिए रवाना होंगे और तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
बैठक में कांग्रेस सेवादल के जिला उपाध्यक्ष अनिल तिवाड़ी, संगठन महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, इशाक चायनान, खुशी अमलानी, मुख्य प्रशिक्षक मामराज परिहार, जिला सचिव द्वारका प्रसाद शर्मा, सहसचिव जयपाल गिरी, हनुमानगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास वर्मा, ध्वज प्रभारी हेतराम भाटी, कृष्ण सांखला, रजीराम महला, यंग ब्रिगेड से विजय टाक, दीपक मेघवाल, गोविंद रेगर, पीलीबंगा से गंगाराम खटीक, सुरेंद्र कुमार, मनीराम, शीशपाल थोरी, भरत सिंह, हीरालाल खरौद, जगदीश, विजय कुमार, फूलचंद, महेंद्र पाल सिंह, सुल्तान मेघवाल, कवित शर्मा, विनोद सिद्धू, महेश कुमार, राजेंद्र कोहला, हरिराम भारद्वाज, चंदन मोंगा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।







